अमेठीः 30 अक्टूबर को मनेगा पीएम किसान उत्सव दिवस! आज किसानों के खातों में पहुंचेगी सम्मान निधि की 24वीं किस्त
October 29, 2026
अमेठी। जिले के किसानों के लिए 30 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण होने जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर जनपद में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री गुजरात के बनासकांठा से योजना की किस्त जारी करेंगे। इसके तहत अमेठी के 2,47,430 किसानों के बैंक खातों में धनराशि अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 10 बजे से होगा। किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम सभा स्तर तक तैयारियां की गई हैं।उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले के विकास भवन, सभी विकासखंडों, तहसीलों, राजकीय कृषि बीज भंडारों, कृषि विज्ञान केंद्रों, कृषि मंडियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और न्याय पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के संबोधन और किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित होगा। वहीं, विकासखंडों के सभागारों में सहायक विकास अधिकारी (कृषि) और खंड विकास अधिकारियों के समन्वय से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। कृषि बीज भंडारों के प्रभारियों को अधिकाधिक किसानों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। न्याय पंचायत स्तर पर कृषि विभाग के कर्मचारी मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से प्रसारण सुनिश्चित करेंगे। 30 अक्टूबर को जिन स्थानों पर खेत बचाओ अभियान के कार्यक्रम निर्धारित हैं, वहां भी पीएम किसान उत्सव दिवस का सीधा प्रसारण कराया जाएगा। इससे अभियान में शामिल किसान प्रधानमंत्री का संबोधन सुन सकेंगे और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उप कृषि निदेशक ने बताया कि सभी आयोजन स्थलों पर किसानों के बैठने, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम से संबंधित फोटोग्राफ भी ईपीसीएसऐप पर अपलोड किए जाएंगे। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे अपने नजदीकी निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर उत्सव दिवस में सहभागिता करें। इस आयोजन के माध्यम से किसानों को योजना की जानकारी देने और सरकारी कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
