मेरठ/मवाना। शासन के निर्देशानुसार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (फेज-2) के सफल क्रियान्वयन को लेकर नगर पालिका परिषद मवाना ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को मेरठ रोड स्थित एएस इंटर कॉलेज में प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने कर्मचारियों को जनगणना के तहत घर-घर जाकर किए जाने वाले सर्वे कार्य की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों और कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के संबंध में जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक, अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा और एएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेघराज सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रशिक्षण सत्र में जनगणना से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई, ताकि सर्वे के दौरान प्रगणकों और सुपरवाइजरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में गंभीरता से प्रतिभाग करने तथा निर्धारित प्रशिक्षण सत्र को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना के महत्वपूर्ण कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण में दी जाने वाली जानकारी को ध्यानपूर्वक समझने पर जोर दिया।
नगर पालिका परिषद के अनुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21, 22 और 24 अक्टूबर 2026 को संचालित किया जाएगा। इसमें जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत घर-घर सर्वे कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक, चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा, एएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेघराज सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार, कर अधीक्षक अनिल कुमार, अवर अभियंता (जल) अमित श्रीवास्तव, लिपिक लाखन सिंह, उमेश कुमार सहित नगर पालिका परिषद के कर्मचारी, प्रगणक और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
