लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को छोहरिया माता मंदिर शक्तिपीठ की ओर से बेटियों के सम्मान में बेटी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ और बाराबंकी जनपद से आईं प्रतिभाशाली छात्राओं को साइकिल सहित विभिन्न उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बाराबंकी के सफदरगंज स्थित नेता श्यामलाल यादव इंटर कॉलेज की सात छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए साइकिल भेंट की गई।
छात्राओं को दुर्गासप्तशती, कॉपी, ज्योमेट्री बॉक्स, पानी की बोतल, कंबल, स्वेटर, नमकीन, बिस्किट, टॉफी और चॉकलेट सहित अन्य उपहार दिए गए। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बेटियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा प्राप्त करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला शामिल हुए। उन्होंने छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर महंत लल्ला बाबा, वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप सिंह बबलू, समाजसेवी अजय त्रिपाठी (मुन्ना भैया), वरिष्ठ पत्रकार सुरेश यादव, मंदिर के संरक्षक शैलेंद्र पाण्डेय शैलू, पूर्व प्रधान उत्तर धौना संदीप सिंह रिंकू, विवेका श्रीवास्तव, व्यापारी नेता नीरज गुप्ता, और विनोद सिंह, रमेश कुमार सिंह , विनोद यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने बेटियों की शिक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य को समाज की प्राथमिकता बनाने पर जोर दिया।
छोहरिया माता मंदिर शक्तिपीठ के महंत लल्ला बाबा ने कहा कि शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन बेटियों के सम्मान में बेटी दिवस की शुरुआत की गई है। अब प्रत्येक वर्ष 11 अक्टूबर को बेटी दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनका मनोबल बढ़े और वे अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने कहा कि बेटियां समाज का गौरव हैं। उनके सम्मान, शिक्षा और प्रोत्साहन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। बेटी दिवस के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करने और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया जाएगा।
