गौरीगंज/अमेठी। जनपद अमेठी के जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित चैक बाजार में 117 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक श्रीरामलीला में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। वर्ष 1909 से आयोजित हो रही इस श्रीरामलीला के दूसरे दिन सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को कलाकारों ने नारद मोह सहित भगवान श्रीराम और माता सीता के जन्म प्रसंगों का मनमोहक मंचन किया। अयोध्या से आए अनुभवी कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान नारद मोह प्रसंग का शानदार चित्रण किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से मंचन को प्रभावशाली बनाया। इसके बाद अयोध्या के राजा दशरथ के यहां प्रभु श्रीराम के जन्म तथा राजा जनक के यहां माता सीता के जन्म का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। आकर्षक अभिनय और भावपूर्ण दृश्यों को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और जय श्रीराम के उद्घोष से रामलीला परिसर गूंज उठा। गौरीगंज की यह ऐतिहासिक श्रीरामलीला वर्षों से धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक बनी हुई है। प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला देखने पहुंचते हैं। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर पूर्व नगराध्यक्ष अजय अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष रामजी अग्रहरि, राकेश अग्रहरि, संतोष अग्रहरि, कामद अग्रहरि, रवींद्र कुमार उर्फ लल्लू, ओपी सिंह, महीप जी, माता प्रसाद वैश्य, करुणेश जी, एंजिल वर्मा, संतालाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक श्रीरामलीला के मंचन में सहभागिता करें और इस गौरवशाली धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
गौरीगंज के चैक बाजार में अयोध्या से आए कलाकारों की शानदार प्रस्तुति, भाव-विभोर हुए दर्शक
