पीलीभीतः ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का खेल बेनकाब, 10 साल की सजा काट चुका आरोपी दबोचा! सुनगढ़ी पुलिस ने चोरी का सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की, मुकदमे में बढ़ीं गंभीर धाराएं
October 05, 2026
पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सोनालिका ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद की है। आरोपी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में 10 वर्ष की सजा पा चुका है।पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को सुनगढ़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मिथलेश कुमार पुत्र रामअवतार, निवासी सिंघाई खुर्द, थाना संपूर्णानगर, जनपद खीरी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी का सोनालिका ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद हुई।यह ट्रैक्टर पकड़िया नौगवां निवासी अख्तर खां का था। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 28 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोर उनका ट्रैक्टर चोरी कर ले गया।मामले में 3 फरवरी को थाना सुनगढ़ी में मुकदमा अपराध संख्या 41ध्2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी।जांच के दौरान आरोपी मिथलेश का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मिथलेश कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना हजारा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है, जिसमें उसे 10 वर्ष की सजा हो चुकी है। अब चोरी के मामले में उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी पर शिकंजा कसा है।गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रद्युम्न कुमार, हेड कांस्टेबल वसीम अहमद, कांस्टेबल गौरव कुमार, सचिन कुमार और अश्विल कुमार शामिल रहे।
