घोरावल (सोनभद्र)। विधानसभा क्षेत्र घोरावल के मगरदहा चौराहे पर आयोजित समाजवादी पार्टी की पीडीए जन पंचायत में बिंद समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ नेता राजा राम बिंद के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक राजनारायण बिंद ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में बिंद, निषाद, केवट और मल्लाह समाज सहित अति पिछड़े वर्गों के राजनीतिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने इन वर्गों को विधानसभा और लोकसभा तक पहुंचाने का कार्य किया तथा संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर सम्मान दिलाया।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के लोगों को गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार समाज को विभाजित करने का कार्य कर रही है और सभी वर्गों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि समाजवाद और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा छोड़कर आए पूर्व प्रधान राजा राम बिंद, क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश बिंद, शिवाजी बिंद, राधेश्याम बिंद, सत्यनारायण बिंद, काशी नरेश बिंद, लक्ष्मण प्रसाद बिंद, नरेश बिंद, नंदलाल बिंद, सत्येंद्र कुमार बिंद तथा संतोष गौड़ सहित कई लोगों को माल्यार्पण कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
जन पंचायत को रमेश चंद दुबे, श्याम बिहारी यादव, जयप्रकाश उर्फ चेखूर पांडे, संजय यादव, डॉ. लोकपति सिंह पटेल,कृष्णा पंडित एवं सत्यम पांडे सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
