सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत रविवार को आबकारी विभाग ने म्योरपुर क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र एवं उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 (दुद्धी) रविनंदन ने आबकारी स्टाफ एवं स्थानीय पुलिस के साथ म्योरपुर थाना क्षेत्र के पड़री, कमरीटांड़, चपरा, लरहीटांड़, खनता, बस स्टैंड एवं एयरपोर्ट क्षेत्र सहित विभिन्न संदिग्ध स्थलों, घरों और झुग्गी-झोपड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 45 लीटर कच्ची शराब तथा करीब 250 किलोग्राम लहन बरामद किया। मौके पर संचालित तीन अवैध भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए लहन को नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान रोड चेकिंग भी की गई तथा चखना दुकानों पर निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
