Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: लक्ष्मी खरवार प्रकरण में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग।

सोनभद्र। नगवां ब्लॉक के देवहार गांव में लक्ष्मी खरवार प्रकरण को लेकर भाजपा ने गंभीर रुख अपनाते हुए सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने स्वर्गीय लक्ष्मी खरवार के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मृतक की पत्नी गीता देवी एवं उनकी माता से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा लक्ष्मी खरवार के साथ बिना किसी गलती के मारपीट की गई थी, जिससे आहत होकर उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस दौरान डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील है। इसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए तथा जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में हंस फाउंडेशन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए कि गांव में किसके निर्देश पर दवा वितरण किया जाता है तथा दवा वितरण के दौरान पर्याप्त मात्रा में दवाएं क्यों नहीं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से हंस फाउंडेशन की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित सहायता, आकस्मिक दुर्घटना बीमा एवं अन्य शासकीय लाभ दिलाने के लिए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) से भी वार्ता की गई है। साथ ही पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और क्षेत्र में फैल रही अफवाहों पर विराम लग सके।
इस अवसर पर धीरेंद्र पटेल, इंद्रजीत खरवार, श्याम खरवार, लक्ष्मण खरवार, छोटेलाल खरवार, ब्लू शर्मा सहित अन्य ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |