चोपन (सोनभद्र)। कस्बे में हाल ही में पुलिस चौकी की स्थापना के बाद जहां लोगों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जगी थी, वहीं अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने चोपन स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर को निशाना बनाते हुए मां काली का चांदी का मुकुट, चांदी की छतरी, पीतल की लड्डू गोपाल की प्रतिमा सहित अन्य पूजा सामग्री चोरी कर ली। घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, चोर देर रात मंदिर परिसर में दाखिल हुए और गर्भगृह में रखे कीमती धार्मिक सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर के पुजारी एवं श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर से मुकुट, छतरी और प्रतिमा गायब देख स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल में चोरी की यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि आस्था पर भी चोट है। कस्बे में पुलिस चौकी खुलने के कुछ ही समय बाद इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद मंदिर समिति और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा करने तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनआक्रोश बढ़ सकता है।
