सोनभद्र, 23 सितम्बर। जनपद में सीएसआर के तहत एनसीएल सिंगरौली के सहयोग से लगभग 4.27 करोड़ रुपये की जनहितकारी परियोजनाओं को गति मिलेगी। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों एवं एनसीएल के बीच एमओयू का हस्तांतरण किया गया।
परियोजनाओं के तहत रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे के पास 96.82 लाख रुपये की लागत से ओपेन जिम का निर्माण, 66 लाख रुपये की लागत से दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं चतरा ब्लॉक के सेहुआं हनुमान मंदिर से अम्बेडकर हरिजन बस्ती तक तथा करमा ब्लॉक के खुटहनियां बरबसपुर रोड से दूबे बगीचा तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत के लिए भी 70.04 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परियोजनाएं सीधे जनहित से जुड़ी हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराने तथा नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही डीपीआर एवं अन्य समन्वय संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल से समन्वय बनाए रखने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक राजीव रंजन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
