30 सितंबर तक ऑनलाइन अपलोड करना होगा मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, सरकारी चिकित्सा केंद्रों पर होगी स्वास्थ्य जांच।
सोनभद्र, 24 सितंबर। हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त करना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी सर्कुलर-13 (दिनांक 15 सितंबर 2026) के अनुसार सभी चयनित हज यात्रियों को प्रथम चरण में सरकारी चिकित्सा केंद्रों पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना होगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद एलोपैथिक चिकित्सक द्वारा निर्धारित प्रारूप पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। चयनित यात्रियों को यह प्रमाण-पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद तथा अन्य आवश्यक अभिलेख 30 सितंबर 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अनुसार आवश्यक दस्तावेज 01 अक्टूबर 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं। शासन द्वारा प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विदेशों में निवास कर रहे एनआरआई हज यात्री संबंधित देश के सरकारी चिकित्सालय में स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी रिपोर्ट और प्रमाण-पत्र अपलोड अथवा प्रेषित करेंगे।
सुधांशु शेखर शर्मा ने सभी चयनित हज यात्रियों से समयसीमा के भीतर स्वास्थ्य जांच पूरी कराने तथा मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं जांच रिपोर्ट सुरक्षित रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान इन दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ सकती है, इसलिए इन्हें संभालकर रखा जाए।
