डीएम ने सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित निर्माण कार्यों (सीएम डैशबोर्ड) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विभागवार एवं संस्थावार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के बाद ही उसका उपयोग किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर जनता को उनका लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में अनावश्यक विलंब, शिथिलता, मानकविहीन कार्य अथवा अन्य अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
