शुकुलबाजार: नाले किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
September 11, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 23 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले के किनारे मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी केअनुसार, तकिया बदलगढ़ मजरे अहमदपुर के रहने वाले नाजिम अली ने थाने में लिखित शिकायत दी है। कि उनका 23 वर्षीय छोटा भाई आबिद अली घर से दोपहर 3 बजे सामान्य रूप से बाहर निकला था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद, शाम करीब 7 बजे परिजनों को सूचना मिली कि गांव से लगभग 700 मीटर दूर पानी की टंकी के पास नाले के किनारे आबिद का शव पड़ा हुआ है। आबिद की मौत की खबर मिलते ही बदहवास परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। नाले के पास युवक का शव देखकर गम परिजनों से संभाले नहीं संभल रहा है। बड़े भाई नाजिम अली ने आशंका जताई है कि उनके भाई की किसी अज्ञात द्वारा हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या का मामला लगता है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाकर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
