Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः ढहे आशियाने के लिए बढ़े मदद के हाथ, परिवार को शासन से 1.20 लाख की राहत! जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने संभाली जिम्मेदारी



बाबागंज/प्रतापगढ। बाबागंज ब्लाक के ग्रामसभा रायगढ़ के कुटिलिया निवासी कैंसर पीड़ित लालता प्रसाद पांडेय के परिवार पर बरसात में टूटा संकट अब धीरे-धीरे मदद में बदल रहा है। जर्जर कच्चा मकान ढहने से बेघर हुए परिवार की मदद के लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और संस्थाओं ने हाथ बढ़ाए हैं। शासन की ओर से आपदा राहत कोष से 1.20 लाख रुपये पीड़ित परिवार के खाते में भेजे गए हैं, वहीं आवास, इलाज, शिक्षा और बेटी की शादी तक की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा भी मिला है।

कैंसर से पीड़ित लालता प्रसाद अपनी पत्नी मनोरमा और बेटी सौम्या के साथ जर्जर  कच्चे घर में रहतें थे। कुछ दिन पूर्व बारिश में मकान भरभराकर गिर गया और पूरी गृहस्थी मलबे में दब गई। सिर छिपाने के लिए छत तक नहीं बची तो परिवार ने घर के सामने पन्नी तानकर गुजर-बसर शुरू कर दी।

मामले की जानकारी होने पर भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह पप्पन राहत सामग्री लेकर परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने मदद के साथ शासन से आपदा राहत दिलाने और बेटी सौम्या को अपने संस्थान में निःशुल्क शिक्षा देने का भरोसा दिया। उनके प्रयास से बुधवार को आपदा राहत कोष से एक लाख 20 हजार रुपये परिवार के खाते में भेजे गए। उन्होंने इसके लिए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और उपजिलाधिकारी कुंडा अजय यादव के प्रति आभार जताया।

बाबागंज विधायक विनोद सरोज ने आर्थिक सहयोग के साथ लालता प्रसाद के निःशुल्क इलाज और घर तक सड़क निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया। पूर्व प्रमुख बाबागंज पंकज सिंह ने आर्थिक मदद की, जबकि नगर पंचायत हीरागंज अध्यक्ष सुरेखा देवी के प्रतिनिधि उदय शंकर पांडेय ने टिन शेड निर्माण एवं अन्य मदद की जिम्मेदारी ली। भाजपा नेता अखिलेश द्विवेदी और समाजसेवी आदर्श पाण्डेय ने मकान निर्माण के लिए ईंट उपलब्ध कराया।

मुंबई से पहुंचे परानूपुर निवासी आनंद पांडेय ने नए मकान के लिए नींव पूजन कराया और बेटी सौम्या की शादी की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया। वहीं राधा कृष्ण मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट ने परिवार को 10 हजार रुपये नकद, साड़ी, कपड़े, फल और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई।

इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष नागेश शुक्ला, अधिवक्ता भुनेश्वर तिवारी, पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन कुंडा कमलाकांत मिश्र, पंकज पाण्डेय, सुरेश प्रताप पांडेय, मुकेश पांडेय, राजेश शुक्ला, आदर्श पाण्डेय, रायगढ़ प्रधान धीरेन्द्र यादव, संस्थान के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी माधव शुक्ला और महराजपुर प्रधान प्रतिनिधि पिंटू मिश्रा समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।

संकट की घड़ी में लगातार मिल रहे सहयोग से परिवार को अब दोबारा अपना आशियाना खड़ा होने की उम्मीद जगी है। पीड़ित परिवार ने मदद के लिए आगे आए सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और संस्थाओं के प्रति आभार जताया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |