शुकुलबाजार: बाइकों की भिड़ंत में तीन घायल, युवक मेडिकल कॉलेज रेफर
September 07, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत इन्हौना रुदौली रोड पर इक्काताजपुर गांव के समीप सोमवार दोपहर बाद दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के सिधियावा निवासी कमर अली और दीपेंद्र पांडेय बाइक से शुकुल बाजार की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इक्काताजपुर के पास सामने से आ रहे बाराबंकी के बादशाह क्षेत्र के कूड़ा सूखीपुर निवासी अली खान की बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी शुकुल बाजार पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए तीनों को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अली खान की हालत गंभीर है। रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस के पहुंचने में काफी देरी होने से सीएचसी परिसर में परिजन और ग्रामीण परेशान रहे। इस दौरान गंभीर घायल को जल्द अस्पताल ले जाने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। संबंध में थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवकों का इलाज कराया जा रहा है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच करा कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
