अमेठीः शूटिंग प्रतियोगिताओं में पुलिस का शानदार प्रदर्शन, तीन पदक समेत 20 प्रशस्ति पत्र जीते
September 07, 2026
गौरीगंज/अमेठी। 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर में आयोजित विभिन्न शूटिंग प्रतियोगिताओं में अमेठी पुलिस के जवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। पुलिस टीम ने कुल तीन पदक हासिल किए, जिनमें दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों ने 20 प्रशस्ति पत्र भी प्राप्त किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक अमेठी ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर में 25 से 27 जुलाई 2026 तक अंतर्जनपदीय लखनऊ जोन शूटिंग स्पोर्ट्स रायफल, रिवाल्वर, पिस्टल शूटिंग एवं एलार्म एफीशिएन्सी रेस प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। इसके बाद 51वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत 18 से 24 अगस्त 2026 तक शूटिंग स्पोर्ट्स रायफल, रिवाल्वर, पिस्टल शूटिंग एवं एलार्म एफीशिएन्सी रेस प्रतियोगिता-2026 आयोजित हुई। इन दोनों प्रतियोगिताओं में अमेठी पुलिस की ओर से मुख्य आरक्षी जोखई प्रसाद यादव, मुख्य आरक्षी ओपी राम राणा और आरक्षी सौरभ कुमार ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने 15 गज, 25 गज, 40 गज और 50 गज शूटिंग के साथ ही 10 मीटर एयर पिस्टल तथा 300 मीटर रायफल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य आरक्षी जोखई प्रसाद यादव ने टीम और व्यक्तिगत स्तर की विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने रायफल, रिवाल्वर, पिस्टल शूटिंग और एलार्म एफीशिएन्सी रेस में एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्हें 12 प्रशस्ति पत्र भी प्राप्त हुए। मुख्य आरक्षी ओपी राम राणा ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल सात प्रशस्ति पत्र हासिल किए। आरक्षी सौरभ कुमार ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार निशाना लगाते हुए रजत पदक जीता। उन्हें एक प्रशस्ति पत्र भी प्राप्त हुआ। इस प्रकार अमेठी पुलिस के खिलाड़ियों ने कुल दो रजत, एक कांस्य पदक और 20 प्रशस्ति पत्र अपने नाम किए। एमपी-5 निशानेबाजी स्पर्धा में मुख्य आरक्षी जोखई प्रसाद यादव का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उन्होंने सटीक निशानेबाजी करते हुए सर्वश्रेष्ठ लक्ष्यभेदक का प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें शील्ड प्रदान की गई। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने कैंप कार्यालय में तीनों पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उन्हें उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन विभाग के साथ-साथ पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। एसपी ने उन्हें भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और अनुशासन के साथ प्रदर्शन करते हुए अमेठी पुलिस का मान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
