अमेठीः महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित
September 13, 2026
अमेठी। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं चैपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा समस्त क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों में पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया। इस दौरान महिला संबंधी अपराध, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। इनमें साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं। पुलिस टीमों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका और वहां उपलब्ध सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई। महिलाओं को शासन द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। चर्चा के दौरान गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी और ऑनलाइन सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी साझा न करने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। अंत में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पैम्फ्लेट वितरित किए गए।
