गौरीगंज: नकली सामान से बाजार गुलजार, खाद्य विभाग बेखबर
September 13, 2026
गौरीगंज/अमेठी। नगर क्षेत्र की कई किराना दुकानों पर कथित रूप से डुप्लिकेट और घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदार नामी कंपनियों के नाम और मिलते-जुलते पैकिंग वाले सामान ग्राहकों को बेच रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं खाद्य सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।बताया जाता है कि बाजार में कई ऐसे उत्पाद उपलब्ध हैं, जिनकी पैकिंग और ब्रांडिंग असली सामान से मिलती-जुलती दिखाई देती है। ग्राहक कम कीमत या आकर्षक पैकिंग के झांसे में आकर इन्हें खरीद लेते हैं। बाद में गुणवत्ता पर संदेह होने के बावजूद शिकायत करने की प्रक्रिया और कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती। स्थानीय दुकानदारों के बीच भी इस बात की चर्चा है कि खाद्य विभाग की नियमित जांच और नमूना लेने की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर किराना दुकानों, थोक विक्रेताओं और गोदामों की जांच की जाए तो नकली अथवा मानकविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाया जा सकता है। उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि गौरीगंज बाजार में विशेष अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएं। संदिग्ध उत्पादों की प्रयोगशाला जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि खाद्य सामग्री से जुड़ा मामला सीधे आमजन के स्वास्थ्य से संबंधित है। ऐसे में विभाग को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर धरातल पर प्रभावी जांच करनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सामान मिल सके।
