मुसाफिरखाना: तमंचा-कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
September 13, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुसाफिरखाना पुलिस ने एक युवक को तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस 13 सितंबर 2026 को वांछितों की तलाश, क्षेत्र की निगरानी और संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अनुराग पाण्डेय पुत्र वृन्दावन पाण्डेय, निवासी ग्राम तिलकराम पाण्डेय का पुरवा मजरे नेवादा किशुनगढ़, थाना मुसाफिरखाना, उम्र करीब 32 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 235/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना धम्मौर, सुलतानपुर और थाना मुसाफिरखाना में चोरी, बरामदगी, एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
