Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

महोबा में मंदिर के पास दिखा सांप, कुछ देर बाद जमीन से नजर आए शिवलिंग और नंदी


महोबा के एक गांव में 14 सितंबर की सुबह मंदिर परिसर में उस समय लोगों के बीच कौतूहल बढ़ गया, जब पहले एक विशाल सांप दिखाई दिया और कुछ देर बाद उसी जगह जमीन से शिवलिंग के साथ नंदी की प्रतिमा निकली हुई नजर आई। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए। इसके बाद शिवलिंग और नंदी के दर्शन कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

ये मामला कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र के सुगिरा गांव का है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे गांव के रहने वाले अंकित कुशवाहा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर मंदिर के पास घूम रहे एक विशाल सांप पर पड़ी। अचानक सांप को सामने देखकर अंकित घबरा गए और वहां से निकलकर उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही कई ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए। हालांकि, तब तक सांप वहां से जा चुका था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कहीं सांप आसपास छिपा न हो और किसी को नुकसान न पहुंचा दे। इसी वजह से उन्होंने मंदिर के आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी।

सांप की तलाश के दौरान ग्रामीणों की नजर जमीन पर पड़ी, जहां शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा जमीन से बाहर निकली हुई दिखाई दी। इसे देखते ही वहां मौजूद लोगों ने भगवान शिव के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में शिवलिंग और नंदी के जमीन से दिखाई देने की खबर गांव में फैल गई और लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में पहुंचने लगे।

इसके बाद श्रद्धालुओं ने वहां पूजा-पाठ शुरू कर दिया। ग्रामीण इस घटना को आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। शिवलिंग और नंदी के जमीन से दिखाई देने को लेकर गांव में अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। फिलहाल इस घटना की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सुगिरा गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और मंदिर परिसर में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |