वेंडिंग जोन के सामने एनएच-56 पर हुआ हादसा, सड़क किनारे खड़ी पजेरो से टकराया ऑटोय सीएचसी में चल रहा उपचार
सुल्तानपुर। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नगर पंचायत के वेंडिंग जोन के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर सड़क पर अचानक आए बंदर को बचाने के प्रयास में सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पलटने के दौरान ऑटो सड़क किनारे खड़ी एक पजेरो गाड़ी से भी टकरा गया।प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक ऑटो सुल्तानपुर की ओर से लम्भुआ की तरफ आ रहा था। वेंडिंग जोन के सामने पहुंचते ही अचानक एक बंदर सड़क पर आ गया। बंदर को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ऑटो का स्टेयरिंग मोड़ दिया। तेज रफ्तार में होने के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और पास में खड़ी पजेरो गाड़ी से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर चीख- पुकार मच गई।आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया। घायलों में कृष्ण कुमार (40) पुत्र मनीराम निवासी सरैया गौतमपुर, रीता (50) पत्नी प्रेम प्रकाश, एकता (18) पुत्री प्रेम प्रकाश, प्रेम प्रकाश (55) पुत्र बेचू तथा प्रीति (40) पत्नी मंझे निवासी पूरेनथऊ भदैया, थाना लम्भुआ, सुल्तानपुर शामिल हैं।
चिकित्सकों के अनुसार कृष्ण कुमार, रीता और प्रेम प्रकाश को गंभीर चोटें आई हैं,जबकि एकता और प्रीति को अपेक्षाकृत मामूली चोटें लगी हैं। सभी घायलों का सीएचसी लम्भुआ में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर लम्भुआ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर अचानक पशुओं के आ जाने से होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
