लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने केबल चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से काले रंग की दो बंडल केबल और एक ऑटो बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को रायबरेली-लखनऊ मार्ग स्थित हरि रेस्टोरेंट के पास से करीब 50.60 मीटर अंडरग्राउंड केबल चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले में मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकेश (36), अंकित वर्मा (24) और गौरव श्रीवास्तव (22) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करते थे। चोरी का सामान ऑटो में रखकर ले जाते और बेचने के बाद रुपये आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हरि रेस्टोरेंट के पास से केबल चोरी कर झाड़ियों में छिपा दी थी और उसे बेचने ले जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। गिरफ्तार आरोपी मुकेश के खिलाफ पहले से भी चोरी समेत तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
