Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मां बनने के बाद लौटी थीं नौकरी पर, टाइम्स स्क्वायर में चाकू से हमला


अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर में हुए एक चाकूबाजी के हमले में बैंक ऑफ अमेरिका की 32 साल की वाइस प्रेसिडेंट एरिन पियाचेंटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एरिन हाल ही में मातृत्व अवकाश से काम पर लौटी थीं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर अपने नवजात बच्चे और पति के साथ तस्वीर शेयर की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह वेस्ट 42वीं स्ट्रीट और सेवेंथ एवेन्यू के पास से घर जा रही थीं, तभी उन पर चाकू से हमला किया गया। एरिन की मौत पर बैंक ऑफ अमेरिका ने गहरा दुख जताया। बैंक ने अपने बयान में कहा, 'हम अपने सहयोगी के इस दुखद निधन से स्तब्ध और बेहद दुखी हैं।

एरिन पियाचेंटी बैंक ऑफ अमेरिका की बिजनेस सिलेक्शन एंड कॉन्फ्लिक्ट्स यूनिट में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम करती थीं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से पढ़ाई की थी और फोर्डहम लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की थी। एरिन की मौत से कुछ दिन पहले की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आई है। इसमें उन्होंने अपने नवजात बच्चे और पति के साथ एक खुशहाल तस्वीर साझा की थी। पोस्ट में उन्होंने बताया था कि उनके बच्चे का हाल ही में बपतिस्मा हुआ था और उन्होंने पति के साथ अपनी शादी की दूसरी सालगिरह भी मनाई थी।

पुलिस के मुताबिक, टाइम्स स्क्वायर में एक महिला हमलावर ने चाकू से अचानक 2 लोगों पर हमला कर दिया था। इस घटना में एरिन के अलावा एक 68 वर्षीय व्यक्ति भी घायल हुआ। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। हमले के बाद मौके पर पहुंचे न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के अधिकारियों ने 2 चाकू ली हुई महिला हमलावर को रोकने की कोशिश की थी। पुलिस ने पहले टेजर का इस्तेमाल किया और बाद में गोली चला दी। अधिकारियों की गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर की मौत हो गई थी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि पुलिस ने हमलावर को 2 गोलियां मारी थीं। हमलावर की पहचान 49 वर्षीय पामेला सिसनेरोस के रूप में की गई।

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भी टाइम्स स्क्वायर में हुए इस हमले पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि कई चाकू लेकर आई एक महिला ने 2 लोगों पर हमला किया था। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टेजर का इस्तेमाल किया और फिर गोली चलाई। ममदानी ने कहा,'मैं उन एनवाईपीडी अधिकारियों का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने समय रहते कार्रवाई की और इस भयावह हमले को और भी बड़ा होने से रोक दिया।'

मेयर ने पुष्टि की कि हमले में एक पीड़ित और कथित हमलावर की मौत हो गई है, जबकि दूसरा पीड़ित अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों और हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |