सुलतानपुर। महिला परिवार परामर्श केंद्र की पहल से पारिवारिक विवादों में उलझे दो दंपतियों के बीच सुलह हो गई। काउंसलिंग और आपसी संवाद के प्रयासों के बाद दोनों पति-पत्नी ने मतभेद भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया। सुलह के बाद दोनों महिलाओं को उनके पतियों के साथ ससम्मान विदा किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में टूटते परिवारों को बचाने और पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के लिए महिला परिवार परामर्श केंद्र लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र से संबंधित दो पारिवारिक विवादों में केंद्र की टीम ने प्रभावी काउंसलिंग की।
महिला परिवार परामर्श केंद्र की निरीक्षक सीमा सरोज, महिला मुख्य आरक्षी सविता मौर्या, महिला आरक्षी सुमन अग्रहरि और सदस्यध्समाजसेवी नजमा बेगम ने दोनों पक्षों को केंद्र पर बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी समझ, विश्वास और पारिवारिक जिम्मेदारियों के महत्व को समझाया गया। कई दौर की समझाइश और काउंसलिंग के बाद दोनों मामलों में पति-पत्नी के बीच सहमति बनी।
इसके बाद दोनों दंपतियों ने पुराने मतभेद समाप्त कर साथ रहने का फैसला किया। केंद्र की ओर से दोनों महिलाओं की उनके पतियों के साथ ससम्मान विदाई कराई गई। पति अपनी-अपनी पत्नियों को साथ लेकर घर लौट गए।
महिला परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल से दो परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं। साथ ही यह संदेश भी गया कि आपसी संवाद, समझदारी और सकारात्मक प्रयासों से पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव है।
