लखनऊः ऑटो को बचाने में पिकअप पेड़ से टकराई,चालक बाल-बाल बचा
September 07, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन इटौंजा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्सी की ओर से आ रही एक पिकअप सामने आए ऑटो को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई,पिकअप चालक बाल-बाल बच गया। मुनीयपुर बंथरा निवासी सोनू पिकअप लेकर कुर्सी से इटौंजा की तरफ आ रहा था,तभी रास्ते में अचानक एक ऑटो सामने आ गया, ऑटो से टक्कर बचाने के लिए चालक सोनू ने पिकअप को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। पेड़ से टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा टूट गया। हादसे में चालक सोनू को चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक ने सूझबूझ से काम लिया और वाहन को मोड़ दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अगर पिकअप सीधे ऑटो से टकराती तो नुकसान ज्यादा हो सकता था, घायल चालक सोनू का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे में किसी और व्यक्ति को चोट लगने की खबर नहीं है।
