प्रतापगढ़/बाबागंज। महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे झाऊ स्थित हरिराज इंटर कॉलेज के निर्माणाधीन नवीन परिसर में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए हाईमास्ट सोलर लाइट पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की रात चोर परिसर में पहुंचे और करीब एक माह पहले विधायक निधि से लगाई गई हाईमास्ट सोलर लाइट को खोलकर अपने साथ ले गए। सुबह विद्यालय पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
विद्यालय के प्रबंधक हरिश्चंद्र पटेल ने महेशगंज थाने में दी तहरीर में बताया कि विद्यालय के नवीन परिसर में लगी हाईमास्ट सोलर लाइट को अज्ञात चोर खोलकर चोरी कर ले गए हैं। खास बात यह है कि लाइट अभी करीब एक माह पहले ही लगाई गई थी। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी गई सोलर लाइट बरामद करने तथा वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि पुलिस इस चोरी का खुलासा कर हाईमास्ट सोलर लाइट बरामद कर पाती है या विद्यालय परिसर से सरकारी निधि से लगी व्यवस्था चोरी होने का यह मामला भी जांच और कार्रवाई के दायरे में सिमटकर रह जाता है।
