शुकुलबाजार: कच्चा मकान भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचा परिवार
September 03, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र के उरेरमऊ गांव में बीती रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय श्यामू पुत्र संकठा, उनकी पत्नी प्रतिमा और पुत्र सुग्रीव मकान के अंदर छत के नीचे सो रहे थे। मकान गिरने की आहट होते ही परिवार के लोग किसी तरह भागकर बाहर निकल आए, जिससे सभी बाल-बाल बच गए। मकान गिरने से गृहस्थी का सारा सामान मलबे के नीचे दब गया। अचानक हुई घटना से परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान की समस्या खड़ी हो गई है। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सदस्य बाहर निकल आए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना के बाद अभी तक प्रशासन का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कराने तथा आर्थिक सहायता और आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद किए जाने की अपील की है।
