बलिया/बैरिया। बैरिया विधानसभा अंतर्गत एनएच- 31 किनारे भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया कार्यालय का उद्घाटन, थाना से लेकर शासन स्तर तक की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा।
बैरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से बैरिया में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे जनसेवा कार्यालय की शुरुआत की गई। शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यभान सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता को भरोसा दिलाया कि थाना, तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय के माध्यम से प्रभावी पहल की जाएगी, जबकि शासन स्तर के मामलों को लेकर वह स्वयं लखनऊ में पैरवी करेंगे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सूर्यभान सिंह ने कहा कि जनसेवा कार्यालय बैरिया विधानसभा क्षेत्र के आमजन की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा। थाना, तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। वहीं, शासन स्तर से जुड़ी समस्याओं को मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के कार्यालय तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह कार्यालय किसी एक व्यक्ति या वर्ग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बैरिया विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों की सेवा के लिए सदैव खुला रहेगा। जरूरतमंदों की समस्याओं को सुनना और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाना इस कार्यालय का प्रमुख उद्देश्य होगा।
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के हित में भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर एक कमेटी गठित करें और उसके नाम से बैंक खाता खोलें। खाते में उनकी ओर से पांच लाख रुपये जमा किए जाएंगे। किसी कार्यकर्ता के सामने विषम परिस्थिति आने पर इसी धनराशि से उसकी आर्थिक मदद की जाएगी।
सूर्यभान सिंह ने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, वह कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा कार्यालय को सक्रिय रखते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमिताभ उपाध्याय, धर्मवीर उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष सुशील पांडेय, भोली साहनी, तेज नारायण मिश्र, मुटन राय और महिमा सिंह सहित क्षेत्र के दर्जनों ग्राम प्रधानों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने जनसेवा कार्यालय की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इसके माध्यम से क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और शासन तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर प्रधान सतन यादव, अरुण यादव, रोशन गुप्ता, शुभम सिंह और रवि प्रकाश सिंह सहित अन्य प्रधानों ने कार्यकर्ताओं और आगंतुकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
