बीसलपुर। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को बीआरसी परिसर में एक दिवसीय सहायक अध्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को मिलेट्स यानी मोटे अनाज के महत्व, पोषण संबंधी उपयोगिता और विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक करने के तरीकों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में तकनीकी प्रबंधक अनिल वर्मा, सहायक विकास अधिकारी लालाराम, सहायक तकनीकी प्रबंधक सुनील कुमार और अरुण कुमार ने शिक्षकों को मिलेट्स की खेती एवं उसके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बाजरा, ज्वार, कोदो जैसे मोटे अनाज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इनके सेवन को बढ़ावा देकर स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जा सकता है। शिक्षकों से कहा गया कि वे विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी श्री अन्न के पोषण संबंधी लाभों के बारे में जानकारी दें।
प्रशिक्षकों ने कहा कि मिलेट्स को दैनिक आहार में शामिल करने से पौष्टिक भोजन की आदत को बढ़ावा मिलेगा। प्रशिक्षण में शिक्षकों ने विषय से संबंधित जानकारी प्राप्त की और इसे विद्यार्थियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
