Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

संग्रामपुर: कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते हैं नौनिहाल, स्कूल जाना बना जंग


संग्रामपुर/अमेठी। विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र की ग्राम सभा इंटौरी स्थित प्राथमिक विद्यालय लोहारन का पुरवा में पढ़ने वाले बच्चों के लिए स्कूल तक पहुंचना किसी जंग से कम नहीं है। गांव से विद्यालय जाने वाला रास्ता बरसात के दिनों में कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है। ऐसे में नौनिहालों को गंदगी और फिसलन भरे रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। रास्ते की बदहाली को लेकर अभिभावकों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में रास्ते पर पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। सुबह स्कूल जाते समय बच्चों को कीचड़ में गिरने का भय बना रहता है। कई बार बच्चे गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर होते हैं। अभिभावकों के अनुसार, रास्ता खराब होने के कारण कई बच्चे विद्यालय जाने से भी कतराते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में तैनात अध्यापकों का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय लोहारन का पुरवा गांव में शिक्षा की रोशनी फैलाने का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन बरसात के दिनों में रास्ता खराब होने से बच्चों की उपस्थिति पर असर पड़ता है। विद्यालय तक सुरक्षित रास्ता न होने के कारण अभिभावक भी अपने बच्चों को भेजने में असहज महसूस करते हैं। अभिभावकों ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कई परिवार उन्हें निजी विद्यालयों में भेजने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि गांव से विद्यालय तक जल्द से जल्द खड़ंजा निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण हो जाने से लोहारन का पुरवा, नया का पुरवा सहित आसपास के गांवों के लोगों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

                

लोहारन का पुरवा प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने में बच्चों को उठाना पड़ रहा जोखिम, अभिभावकों ने खड़ंजा निर्माण की उठाई मांग


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |