पाकिस्तानी कोच ने खिलाड़ियों को बाहर किए जाने के फैसले से झाड़ा अपना पल्ला, कहा - मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं
September 05, 2026
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट के हेड कोच माइक हेसन को इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के बीच में दो मुकाबलों के बाद सरफराज अहमद को हटाकर पीसीबी ने कार्यवाहक कोच की भूमिका दी है। माइक हेसन ऐसे समय पर यह जिम्मेदारी संभाल रहे जब पाकिस्तानी टीम में काफी उठापटक का माहौल देखने को मिल रहा है, जिसमें लॉर्ड्स टेस्ट मैच में शर्मनाक हार के बाद जहां 7 खिलाड़ियों को वापस घर भेजने का फैसला लिया गया तो वहीं सरफराज अहमद को हेड कोच की पोजीशन जबकि उमर गुल को गेंदबाजी कोच के पद से हटा दिया गया। अब स्क्वाड से बाहर किए गए खिलाड़ियों को लेकर जब कार्यवाहक कोच माइक हेसन से सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस मामले से पूरी तरह अपना पल्ला झाड़ने के साथ साफ कह दिया कि इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है।
इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की टीम को टेस्ट सीरीज तीसरा और आखिरी मुकाबला 9 सितंबर से एजबेस्टन के स्टेडियम में खेलना है। इससे पहले कार्यवाहक कोच माइक हेसन टीम के साथ जुड़ गए हैं, जिसमें बर्मिंघम में 4 सितंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में माइक हेसन ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार कहा कि जब पीसीबी ने मुझे आखिरी टेस्ट के लिए कोच की जिम्मेदारी संभालने का आदेश दिया तो उस समय तक रिजवान, सलमान आगा और इमाम उल हक इन तीनों ही खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया था। इसलिए मुझे सच में पूरे मामले को लेकर कुछ भी नहीं पता। लाहौर में हमारा पहले से ही एक लिमिटेड ओवर्स टीम का कैंप चल रहा था। मैं जापान से लौटा ही था जहां एशियाई खेल होंगे और इसके बाद मुझे टेस्ट टीम को मैनेज करने के लिए कहा गया। मैंने टीम में बैलेंस लाने के लिए कुछ बदलाव करने का फैसला किया है और मैं ऐसा गेंदबाजी आक्रमण चाहता हूं जिसमें विविधता हो और जिसमें कुछ ऑलराउंडर हों।
लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल में चोटिल होने की वजह से इमाम उल हक दोनों पारियों में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे, जिसके बाद उनकी काफी आलोचना देखने को मिली थी। वहीं मोहम्मद रिजवान का बल्ले से काफी शर्मनाक प्रदर्शन देखने को मिला। ऐसे में पीसीबी ने दोनों ही खिलाड़ियों को पहले ही वापस घर बुलाने का फैसला ले लिया था, जिसमें इमाम उल हक की चोट की जांच भी कराई जाएगी, जिसको लेकर उनपर अब एक से दो साल बैन होने की तलवार भी लटक रही है। इसके अलावा पीसीबी ने बड़े बदलाव करने के लिए सफाई अभियान की भी शुरुआत कर दी है, जिसमें पाकिस्तानी टीम के चीफ ऑफ सिलेक्टर आकिब जावेद की कुर्सी भी खतरे में मानी जा रही है।
