लखनऊः फैजुल्लागंज में गोमती के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित दाऊद नगर व मिश्री बाग पहुंचे विधायक डा. नीरज बोराय राहत शिविर, अस्थाई अस्पताल व ड्रोन से छिड़काव के पुख्ता इंतजाम
September 30, 2026
लखनऊ। गोमती नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि के कारण फैजुल्लागंज के विभिन्न इलाकों में बने बाढ़ जैसे हालात का जायजा लेने आज स्थानीय विधायक डा. नीरज बोरा प्रशासनिक अमले के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम के जोन-3 स्थित दाऊद नगर और जोन-6 के मिश्री बाग क्षेत्र में जलभराव से प्रभावित बस्तियों का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक डा. बोरा ने बताया कि दाऊद नगर क्षेत्र में प्रभावित परिवारों के लिए एक सुसज्जित अस्थायी विश्राम गृह राहत शिविर स्थापित किया गया है, जहां लोगों के रहने, सोने, भोजन व स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 60 फीट रोड पर एक अस्थाई अस्पताल शुरू किया गया है, जहां प्राथमिक उपचार व जीवनरक्षक दवाओं के साथ-साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए एंटी स्नेक वेनम की भी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन के माध्यम से व्यापक एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है, साथ ही स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर क्लोरीन की गोलियां वितरित कर रही हैं। जलमग्न रास्तों पर आवागमन को सुचारू रखने के लिए पर्याप्त नावों के संचालन, आपातकालीन स्थिति के लिए 24 घंटे एंबुलेंस तैनाती और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की गई है। विधायक डा. नीरज बोरा ने प्रशासनिक व निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी जलभराव वाले क्षेत्रों में 24 घंटे अलर्ट मोड पर उपस्थित रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है तथा हर प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर साहिल कुमार, अधिशाषी अभियंता नजमी मुजफ्फर, जोनल अधिकारी अजीत राय, जेडएसओ सचिन सक्सेना सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम व अन्य प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
