Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊ: कौशल विकास प्रशिक्षण के साथ बालिकाओं को मिला आत्मरक्षा का प्रशिक्षण! रेड ब्रिगेड की टीम ने बालिकाओं एवं महिलाओं को सिखाए आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर


लखनऊ। जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बुधवार को बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेड ब्रिगेड की टीम ने प्रतिभागी बालिकाओं एवं महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के विभिन्न व्यावहारिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने, संभावित खतरे को पहचानने तथा आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रबंधक डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने कहा कि “महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल परिवार या समाज की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उन्हें स्वयं भी इतना सक्षम और आत्मविश्वासी बनाना आवश्यक है कि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपना बचाव कर सकें। कौशल विकास के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य युवतियों एवं महिलाओं को शिक्षा, कौशल और आत्मविश्वास के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

रेड ब्रिगेड की टीम ने प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को बताया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक तकनीकों तक सीमित नहीं है, बल्कि सजगता, आत्मविश्वास, सही समय पर निर्णय लेने और खतरे की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने की क्षमता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम में समाजसेवी अवधेश कुमार, श्री रवि तिवारी, शिवम साहू सहित ट्रस्ट के सहयोगी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी बालिकाओं एवं महिलाओं ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |