लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में पूर्व लोकसभा सांसद रीना चैधरी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहुजन क्रांति संघ, महाराजा लाखन पासी स्वाभिमान समिति और पासी समाज से जुड़े नेताओं ने पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर पर परिवारवाद को लेकर जमकर निशाना साधा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेता डॉ. मोहनलाल पासी, पारख महासंघ के पूर्व पदाधिकारी एवं पासी समाज के नेता डीपी रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं मोहान विधानसभा से विधायक प्रत्याशी रह चुके राकेश रावत तथा सरोजनीनगर ब्लॉक से पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी दिलीप रावत सहित कई लोग मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कौशल किशोर के राजनीतिक सफर में परिवार के कई सदस्यों को राजनीति में आगे बढ़ाने की कोशिश की गई। नेताओं ने दावा किया कि उन्होंने पहले अपनी पत्नी को विधायक बनाया इसके बाद अपने साले अमरेश रावत को विधायक बनाने के साथ ही वर्तमान भारतीय जनता पार्टी संगठन में समायोजित कर चुके अपने पुत्र विकास किशोर को भी विधायक का चुनाव लड़ना चाहते हैं जिसके लिए पार्टी पर दबाव बनाने की राजनीति कर रहे हैं
वक्ताओं ने अब उनके पुत्र विकास किशोर की मलिहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट की दावेदारी को लेकर भी सवाल उठाए। नेताओं का आरोप था कि एक तरफ परिवार के सदस्यों को राजनीति में आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी में सम्मान नहीं मिलने की बात कही जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कौशल किशोर की ओर से निकाली जा रही ‘आत्म सम्मान बचाओ रैली’ को लेकर भी सवाल खड़े किए गए। वक्ताओं ने कहा कि यदि पार्टी में सम्मान नहीं मिल रहा था तो उनके कार्यकाल के दौरान जनता और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रभावी तरीके से आवाज क्यों नहीं उठाई गई।
पूर्व सांसद रीना चैधरी ने कहा कि कौशल किशोर को केंद्र सरकार में राज्यमंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली थी। उनके मुताबिक, उस दौरान सरकारी स्कूलों की व्यवस्था सहित जनता से जुड़े कई मुद्दे थे, लेकिन उन मुद्दों को लेकर उतनी मजबूती से आवाज नहीं उठाई गई, जितनी आज राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद उठाई जा रही है।
रीना चैधरी ने कौशल किशोर के उस दावे पर भी सवाल उठाया जिसमें पार्टी में सम्मान नहीं मिलने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि जब उन्हें केंद्र में राज्यमंत्री बनाया गया था, तो इससे बड़ा सम्मान और क्या हो सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज जब राजनीतिक स्तर पर तवज्जो कम मिल रही है तो तरह-तरह के मुद्दे उठाकर राजनीतिक माहौल बनाया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सबसे बड़ा राजनीतिक बयान उस समय सामने आया जब रीना चैधरी से पूछा गया कि यदि कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर को मलिहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा का टिकट मिलता है तो उनका रुख क्या होगा।
इस पर रीना चैधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि विकास किशोर को टिकट मिलता है तो वह उन्हें हराने के लिए काम करेंगी।
रीना चैधरी ने कौशल किशोर पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने परिवार के लिए राजनीति कर रहे हैं, जबकि जनता के लिए उन्होंने कोई प्रभावी काम नहीं किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता आज भी उनके कार्यों की सराहना करती है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद लखनऊ की राजनीति में पासी समाज से जुड़े नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। खासकर मलिहाबाद विधानसभा सीट से विकास किशोर की टिकट दावेदारी को लेकर आने वाले दिनों में सियासी हलचल बढ़ सकती है।
