खराब फॉर्म के बीच बाबर आजम ने लिया बड़ा फैसला, 7 साल बाद खेलेंगे घरेलू क्रिकेट
September 15, 2026
पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान बाबर आजम पिछले कई समय से अपनी खराब फॉर्म के कारण आलोचना झेल रहे हैं, उनके बल्ले से आखिरी शतक 4 साल पहले (2022) में आया था. हालांकि बाबर ज्यादातर घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट से दूर ही रहे. करीब 7 साल बाद उनकी घरेलू क्रिकेट में वापसी हो रही है. ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार टेस्ट कप्तान ने पीसीबी से अनुरोध किया था कि उन्हें किसी भी टीम में शामिल कर लें, जिससे वह टेस्ट के लिए खुद को तैयार और फिट रख सके.
बाबर आजम प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड 1 फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट में खेलेंगे. ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड ने उन्हें बतौर गेस्ट प्लेयर टीम में शामिल किया है. रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया था कि उन्हें किसी टीम में शामिल किया जाए, जिसके बाद उन्हें OGDCL के साथ जोड़ा गया.
बाबर आजम पिछले काफी समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. 2022 में उनके बल्ले से आखिरी टेस्ट शतक आया था, जिसके बाद से उनका एक पारी में हाईएस्ट स्कोर 88 है. एक समय ऐसा भी आया जब लगातार 18 पारियों में वह अर्धशतक नहीं लगा पाए. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अक्सर बाबर की तकनीक पर चर्चा करते हैं, खराब फॉर्म के कारण उनकी खूब आलोचना भी हो रही है.
खराब फॉर्म के बाद भी उन्होंने घरेलू फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से दूरी बनाए रखी. पिछले हफ्ते ही पीसीबी ने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी और प्रेसिडेंट्स कप के लिए 8 टीमों का एलान किया था, वह किसी में भी शामिल नहीं थे. बाबर आजम ने 2019 में आखिरी बार घरेलू फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेला था, उस सीजन उन्होंने 2 मैच खेले थे. तब उन्होंने सेंट्रल पंजाब टीम (अब बंद हो चुकी है) को अपनी कप्तानी में आजम ट्रॉफी का खिताब जिताया था. 2015 के बाद ये पहली बार था जब बाबर ने एक सीजन में 1 से अधिक घरेलू फर्स्ट-क्लास मैच खेले थे.
