जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर ने रचा इतिहास, टूट गया सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड
September 15, 2026
जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच मंगलवार (15 सितंबर) को पहला वनडे हरारे स्पोर्ट्स में खेला जा रहा है. मुकाबले में जिम्बाब्वे के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने इतिहास रचते हुए सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया. दिग्गज तेंदुलकर को पछाड़ते हुए 40 वर्षीय टेलर वनडे क्रिकेट में सबसे लंबा खेलने वाले खिलाड़ी बन गए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही टेलर का वनडे करियर 22 साल और 4 महीने का हो गया, जबकि तेंदुलकर का वनडे करियर 22 साल और 3 महीने का रहा था.
टेलर ने 20 अप्रैल, 2004 में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए वनडे डेब्यू किया था. गौर करने वाली बात यह है कि टेलर बीच में एक बार इंटरनेशनल क्रिकेट के संन्यास भी ले चुके हैं और उन पर आईसीसी साढ़े तीन साल का बैन भी लगा चुका है. इन तमाम चीजों के बाद भी आज टेलर ने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया.
जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2021 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया था. इसके बाद अगले साल यानी 2022 में आईसीसी ने उन्हें एंटी डोपिंग और एंटी करप्शन कोड का उल्लंघन करने के लिए साढ़े तीन साल के लिए बैन किया. बैन पूरा करने के बाद 2025 में उन्होंने संन्यास वापस लिया और एक बार फिर जिम्बाब्वे के लिए वापसी की.
टेलर ने भले सबसे ज्यादा वक्त तक वनडे फॉर्मेट में एक्टिव रहने के मामले में तेंदुलकर को पछाड़ दिया, लेकिन रनों के मामले में वह बहुत पीछे हैं. तेंदुलकर ने 18426 वनडे रन के साथ इंटरनेशनल करियर समाप्त किया था. दूसरी तरफ टेलर अभी सिर्फ 6704 वनडे रन पर पहुंचे हैं. रनों के लिहाज से जिम्बाब्वे का खिलाड़ी तेंदुलकर से करीब 3 गुना पीछे है. इसके साथ मैच खेलने पर नजर डाली जाए, यहां भी जमीन-आसमान का फर्क नजर आता है. तेंदुलकर ने करियर में 463 वनडे मुकाबले खेले. टेलर अभी सिर्फ 207 वनडे ही खेल सके हैं. यहां अंतर 2 गुने से ज्यादा का है.
