लखनऊ। योग, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डा. नवीन योगी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। हजरतगंज स्थित सहकारिता भवन में आयोजित योग एवं नेचुरोपैथी के राष्ट्रीय सेमिनार में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में वर्ल्ड वेलनेस काउंसिल द्वारा प्रमाणित विश्व आरोग्य संवर्धन संस्थान एवं ऋषिकुल योगपीठ की ओर से डा. नवीन योगी को उनके सामाजिक सरोकारों, योग के प्रचार-प्रसार तथा स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए मानद उपाधि से नवाजा गया।
डा. नवीन योगी योग एवं फिटनेस के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। समाजसेवा के साथ-साथ वह एक कुशल योग शिक्षक के रूप में भी सक्रिय हैं। वर्तमान में वह लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। योग एवं फिटनेस के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सदस्य विधान परिषद अरविंद कुमार त्रिपाठी ‘गुड्डू भैया’ रहे। इस अवसर पर ऋषिकुल योगपीठ के संस्थापक अध्यक्ष डा. देवनाथ शुक्ला ने डा. नवीन योगी के सामाजिक कार्यों और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रयासों की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डा. नवीन योगी ने आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ दिनभर कार्य करने के लिए सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
डा. नवीन योगी को मिली इस मानद उपाधि पर योग एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
