सुल्तानपुर: छात्राओं को दी सुरक्षा की जानकारी, साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
September 23, 2026
बल्दीराय/सुल्तानपुर। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत बल्दीराय थाना पुलिस ने आयशा पब्लिक स्कूल, पारा में छात्राओं और बालिकाओं के साथ संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आपात स्थिति में तत्काल मदद लेने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह और उपनिरीक्षक राजदेव यादव ने छात्राओं से बातचीत करते हुए एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनका फीडबैक प्राप्त किया। छात्राओं से पार्क, चैराहे, नुक्कड़, गलियों, बाजार सहित अन्य स्थानों पर सुरक्षा से जुड़े सुझाव भी लिए गए। पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर अपराध से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध कॉल पर निजी जानकारी न दें और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के लिए उपलब्ध माध्यमों का इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी गई। इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर बालिकाओं को महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में कांस्टेबल अंकित साहू, महिला कांस्टेबल सविता और साधना, प्रधानाचार्य आरके सिंह समेत कंचन, उमरा, किरण मौर्या, जाह्नवी तिवारी, गीता गुप्ता और पहल पाल मौजूद रहीं।
