अमेठीः युवा ऋण में लापरवाही पर सीडीओ सख्त! लगाई फटकार, कहा-पात्र आवेदनों को अनावश्यक निरस्त किया तो होगी कार्रवाई
September 15, 2026
अमेठी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की धीमी प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने बैंकर्स की बैठक में कड़ा रुख अपनाया। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित आवेदनों, ऋण स्वीकृति और वितरण की स्थिति की बैंकवार समीक्षा की। खराब प्रगति वाले बैंकों को सुधार लाने के निर्देश देते हुए सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि पात्र युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बैंकर्स को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सीडीओ ने कहा कि किसी भी पात्र आवेदन को बिना उचित कारण के निरस्त न किया जाए और आवेदकों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत कर शीघ्र वितरण की प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया, ताकि जनपद के ज्यादा से ज्यादा युवा अपना उद्यम स्थापित कर सकें। समीक्षा के दौरान जिन बैंकों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, उन्हें विशेष रूप से चेतावनी दी गई। सीडीओ ने कहा कि बैंक अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें। आगामी माह में योजना की प्रगति एवं जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार लाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि यदि किसी बैंक की प्रगति लगातार खराब रही और अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित बैंक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए शासन को अवगत कराया जाएगा।
