Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

आगराः सेवा संकल्प माह में चालकों को सड़क सुरक्षा का पाठ! राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने एटीएस ट्रिपल शार्प में चालक कार्यशाला का किया शुभारंभ


आगरा। सेवा संकल्प माह के अंतर्गत एटीएस ट्रिपल शार्प, आगरा में सोमवार को वाहन चालकों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चैहान ने किया। उन्होंने चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों का गंभीरता से पालन करने और वाहन संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. बबीता सिंह चैहान ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए वाहन चालकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने चालकों से यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया। उन्होंने परिवहन विभाग में महिला सुरक्षा और नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य महिला आयोग की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी।

उन्होंने बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। कहा कि सार्वजनिक परिवहन में सीसीटीवी कैमरे महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में निगरानी और जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला के दौरान चालकों को वाहन के तकनीकी पहलुओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। एटीएस में स्टीयरिंग, ब्रेकिंग सिस्टम, लाइट और सस्पेंशन सिस्टम सहित वाहन के विभिन्न महत्वपूर्ण घटकों के रखरखाव और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में प्रशिक्षित किया गया। चालकों को वाहन चलाने से पहले उसकी तकनीकी स्थिति की जांच करने के लिए भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) आगरा विनय कुमार सिंह, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) जितेंद्र सिंह, पीटीओ आनंद किशोर तथा एटीएस ट्रिपल शार्प के संचालक विकास जैन सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |