Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

घर के अंदर घुस गया बाघ, पूरे गांव में मच गया हड़कंप


ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक गांव में बाघ के घर में घुसने से लोगों में दहशत फैल गई। बाघ को घर के परिसर में देखकर एक परिवार डर गया और खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। यह घटना करंजिया वन प्रमंडल के अंतर्गत सालेइबेडा ग्राम पंचायत के खपराखाई गांव की बताई जा रही है। घटना ने परिवार और पूरे इलाके में लोगों को डरा कर रख दिया। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।

जानकारी के अनुसार, पिछले करीब तीन दिनों से इलाके में बाघ की मौजूदगी देखी जा रही है। बाघ के बार-बार गांव के आसपास दिखाई देने से ग्रामीण पहले से ही डरे हुए थे। गुरुवार रात एक परिवार ने अपने घर के परिसर में बाघ को बैठे हुए देखा। बाघ वहां बैठकर गुर्राता हुआ नजर आया। बाघ को इतने करीब देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने तुरंत खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। इसके बाद परिवार ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बाघ को घर के परिसर से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। वन विभाग की टीम ने घर की लाइट बंद कर दी। इसके बाद बाघ वहां से निकलकर चला गया। इससे परिवार और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन कुछ ही समय बाद बाघ ने फिर से उसी गांव के एक दूसरे घर में प्रवेश कर लिया। बाघ दूसरे घर के अंदर ही मौजूद था, पर इस बार ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर बंद कर दिया । वन विभाग के कर्मचारी घर के बाहर तैनात हुए और बाघ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर जंगल में छोड़ा। आपको बता दें कि कुछ ही समय पहले ओडिशा के बालासोर जिले में सुबह-सुबह एक जंगली भालू घर में घुसकर बैठ गया था। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भालू को वहां से हटाया था।

बाघ के बार-बार गांव में आने से मयूरभंज के खपराखाई और आसपास के गांवों में डर का माहौल है। पिछले तीन दिनों में बाघ की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और बाघ को सुरक्षित तरीके से जंगल में वापस भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |