सुल्तानपुर/बल्दीराय। बल्दीराय थाना क्षेत्र में रविवार को हलियापुर-सुल्तानपुर मार्ग पर पारा चैकी के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के बाएं पैर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
चककारीभीट गांव निवासी मोहम्मद अरशद (26) पुत्र मोहम्मद असीर बाइक से हलियापुर -सुल्तानपुर मार्ग पर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पारा चैकी से कुछ दूरी पर पीछे से आ रहे डंपर न्च् 32 ब्ज् 0270 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अरशद सड़क पर गिर पड़े और उनका बायां पैर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही चककारीभीट ग्राम प्रधान मोहम्मद सम्मू तथा पारा चैकी प्रभारी संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए भेजा गया।
बताया गया कि हादसे में शामिल बाइक और डंपर दोनों एक ही दिशा में जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
