सुल्तानपुर/कादीपुर। कादीपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में वांछित एवं संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कादीपुर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित गांधी भंडार दुकान के पास पहुंचे। यहां से मु.अ.सं. 293ध्2026, धारा 109(1), 352, 351(3) व 3(5) बीएनएस में वांछित और ₹25 हजार के इनामी आरोपी मनोज कुमार पांडेय उर्फ शिवानंद पांडेय (22) निवासी राईबीगो, थाना कादीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को पुरानी रंजिश को लेकर मनोज कुमार पांडेय ने अपने साथियों के साथ सुनील पांडेय उर्फ महन्थू के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि घटना में तलवार और चाकू का इस्तेमाल किया गया, जिससे सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां करीब एक माह तक उपचार चला।
मामले में वादी और उसके भाई को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने तथा एक आरोपी द्वारा तमंचे से फायर करने का भी आरोप लगाया गया था। इसके बाद कादीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मनोज कुमार पांडेय को वांछित घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित किया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम- वरिष्ठ उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल, कांस्टेबल रोहित सिंह, रमन सिंह और प्रमोद यादव।
