Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

नगर निगम ने बढ़ाया सफाईमित्रों का मान, सुरक्षा से स्वास्थ्य तक दिया ध्यान

• स्वास्थ्य परीक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी     के साथ सफाईमित्रों को वितरित की गईं पीपीई किट
• चार स्थानों पर लगे सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर
सनेश ठाकुर
मुरादाबाद (विधान केसरी)। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत नगर निगम मुरादाबाद की ओर से बुधवार को नगर के चार प्रमुख स्थानों पर सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर आयोजित किए गए। टाउन हॉल कार्यालय, पंचायत भवन परिसर, मानसरोवर स्थित जोनल कार्यालय तथा गुलाबबाड़ी स्थित जोनल कार्यालय में आयोजित शिविरों में सफाईमित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सफाईमित्रों के योगदान का सम्मान करते हुए उन्हें सुरक्षा उपकरण एवं पीपीई किट भी वितरित की गईं।
पीपीई किट के साथ सफाई मित्र और नगर निगम अधिकारी
शिविरों का मुख्य उद्देश्य सफाईमित्रों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना, उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम स्थलों को नगर निगम की अनुबंधित स्वच्छता जागरूकता टीम द्वारा रंगोली एवं अन्य सजावटी माध्यमों से आकर्षक रूप दिया गया। सफाईमित्रों को सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग के प्रति प्रेरित करने के लिए विभिन्न सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए। सभी कार्यक्रमों का आयोजन जीरो वेस्ट पद्धति के आधार पर किया गया।
NAMASTE योजना की दी गई जानकारी
चारों स्थानों पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इसके माध्यम से सफाईमित्रों को केंद्र सरकार की NAMASTE योजना (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) की जानकारी दी गई। योजना का उद्देश्य सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई से जुड़े श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना तथा जोखिमपूर्ण मैनुअल सफाई की जगह सुरक्षित एवं मशीन आधारित सफाई व्यवस्था को बढ़ावा देना है। योजना के दायरे में कचरा बीनने वाले श्रमिकों को भी शामिल किया गया है।
शिविर में बताया गया कि योजना के तहत संबंधित श्रमिकों की पहचान एवं सत्यापन, कार्य के अनुरूप सुरक्षा उपकरण एवं प्रशिक्षण, पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत-PM-JAY से जोड़ने तथा सफाई अथवा कचरा संग्रहण से जुड़े वाहन एवं उपकरणों के लिए पूंजीगत सब्सिडी जैसी सुविधाओं का प्रावधान है।
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ मिला चिकित्सकीय परामर्श
लाइव प्रसारण के बाद शिविरों में सफाईमित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों ने सफाईमित्रों को स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने, कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए दैनिक दिनचर्या में आवश्यक बदलाव करने की सलाह दी। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए भी चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। यहां सफाईमित्रों को आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र सफाईमित्रों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और पात्रता की जानकारी उपलब्ध कराई गई। उनके परिवारजनों को भी योजनाओं से जुड़ने के संबंध में जानकारी दी गई। शिविर के दौरान सामने आया कि बड़ी संख्या में सफाईमित्र पहले से ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े हुए हैं।
जनप्रतिनिधियों ने किया सफाईमित्रों का सम्मान
पंचायत भवन परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। टाउन हॉल स्थित कार्यक्रम का आयोजन सहायक नगर आयुक्त विशाल सिंह, मानसरोवर स्थित कार्यक्रम का आयोजन सहायक नगर आयुक्त प्रज्ञा सिंह तथा गुलाबबाड़ी स्थित कार्यक्रम का आयोजन नगर स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सफाईमित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। सफाईमित्रों को सेफ्टी किट एवं पीपीई किट वितरित कर कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का नियमित रूप से इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, आईएएस, आशुतोष कुमार राय एवं अजीत कुमार सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त निशा मिश्रा, क्षेत्रीय अधिकारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक तथा सम्मानित जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत सफाईमित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान से जुड़ी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। साथ ही विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |