शुकुलबाजार/अमेठी। थाना बाजारशुक्ल पुलिस ने बुधवार को पाली जंगल में अवैध शस्त्र बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 निर्मित अवैध शस्त्र, पांच अर्द्धनिर्मित तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस समेत भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में बाजारशुक्ल पुलिस क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पाली जंगल में कुछ लोग अवैध शस्त्र बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कौशल किशोर पुत्र गोपी निवासी नवीपनाह, थाना माल, लखनऊ, उम्र करीब 30 वर्ष तथा छोटू पुत्र सुकरू निवासी नवीपनाह, थाना माल, लखनऊ, उम्र करीब 21 वर्ष बताया। तलाशी और मौके की जांच में नौ तमंचे 315 बोर, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, दो तमंचे 12 बोर, दो जिंदा कारतूस 12 बोर तथा पांच अर्द्धनिर्मित तमंचे 12 बोर बरामद हुए। इसके अलावा 52 रिपिट, 18 हैमर, 15 लोहे की नाल, 12 बट, 45 स्प्रिंग, 34 कील, नौ ट्रिगर, चार शुम्भी, तीन हथौड़ी, दो रेती, तीन सड़सी और पांच फायरिंग पिन समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए। मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मिली, जिसके कागजात आरोपी नहीं दिखा सके। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों मिलकर सुनसान स्थानों पर अवैध शस्त्र बनाते थे और पकड़े जाने के डर से स्थान बदलते रहते थे। तैयार हथियारों को लखनऊ और आसपास के जनपदों में बेचने की बात भी पुलिस ने पूछताछ के आधार पर बताई है। मामले में थाना बाजारशुक्ल में मु0अ0सं0 241/त्र!26, धारा 3ध्5ध्25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
11 निर्मित और पांच अर्द्धनिर्मित शस्त्र, कारतूस व हथियार बनाने के उपकरण बरामद, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार
