तिलोई: भाकियू ने उठाई क्षेत्र की जनसमस्याएं
September 23, 2026
तिलोई/अमेठी। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने तहसील तिलोई परिसर में किसान पंचायत कर क्षेत्र की जन समस्याएं उठाईं।जिलाध्यक्ष हरीश सिंह उर्फ चुन्नू व ब्लाक अध्यक्ष सूरज सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने प्रदर्शन कर पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई की समीक्षा की।पंचायत के बाद उपजिलाधिकारी तिलोई डॉ अरुणिमा श्रीवास्तव को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिसमें अहोरवा भवानी से सेमरौता,शिवरतनगंज से हैदरगढ़ मार्ग समेत खरगपुर के आसपास आवारा पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की गई।मुराईबाग चैराहा से चैबेपुर रोड व महेशपुर से सातन का पुरवा मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की भी मांग रखी गई।भीखीपुर के पूरे पठान में दो माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलने के साथ लंबित प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई करने एवं उसकी जानकारी संगठन को देने की मांग की गई।पदाधिकारियों ने कहा कि उक्त जनसमस्याओं का यदि अतिशीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
