Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गाजीपुरः सेवा समर्पण अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, डिप्टी सीएम ने किया अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन का लोकार्पण


गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा काल के अवसर पर शनिवार को लंका मैदान में सेवा समर्पण अभियान के तहत वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में बहु विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को निःशुल्क परामर्श और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

स्वास्थ्य शिविर 26 से 28 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक राष्ट्र सेवा के लिए खुद को समर्पित किया है। उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार हर व्यक्ति को सस्ती और सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके बाद डिप्टी सीएम महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन और चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण किया। उन्होंने अमृत फार्मेसी और ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली

उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से गरीब मरीजों को सस्ती दवाएं और कम खर्च में जांच की सुविधा मिलेगी। डिप्टी सीएम ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के एमबीबीएस उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से भी मुलाकात की।

प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने मेडिकल कॉलेज के विकास से जुड़े पांच प्रस्ताव उनके समक्ष रखे। इनमें 300 और 200 बेड के अस्पतालों से संबंधित कार्य, दोनों अस्पतालों को जोड़ने के लिए सीसी रोड व संपर्क मार्ग, एकेडमिक व एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक तथा लेक्चर थिएटर को कवर्ड कॉरिडोर से जोड़ने, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में अतिरिक्त कक्षों और ट्रॉमा सेंटर के संचालन से जुड़े कार्य शामिल रहे। डिप्टी सीएम ने प्रस्तावों को शासन स्तर से स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि गाजीपुर मेडिकल कॉलेज नए मेडिकल कॉलेजों की तुलना में अच्छा कार्य कर रहा है और आगे भी इसी तरह निरंतर कार्य करता रहे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |