गाजीपुरः फार्मासिस्ट दिवस पर सत्यदेव कॉलेज में गूंजा सेवा का संदेश
September 27, 2026
गाजीपुर। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर सत्यदेव कॉलेज ऑफ फार्मेसी, गाजीपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मॉडल, प्रयोगों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से फार्मेसी के क्षेत्र की उपयोगिता और संभावनाओं को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने की। मुख्य वक्ता विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. आनंद मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष एवं अमेठी प्रभारी सुनील सिंह तथा विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. नीरज पांडेय मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन सत्यदेव कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्रधानाचार्य डॉ. तेज प्रताप सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने किया। अतिथियों का स्वागत सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के सीएमडी प्रो. आनंद सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप निरंतर अध्ययन, शोध और ज्ञान को अपडेट रखने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि कृष्ण बिहारी राय ने फार्मासिस्ट की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, “यदि डॉक्टर भगवान हैं तो फार्मासिस्ट हनुमान हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा, समर्पण और निष्ठा के साथ समाज और मानवता के हित में काम करने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि फार्मेसी केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य, सेवा, अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन और ज्ञान के साथ देश की प्रगति में योगदान देने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जरूरतमंदों की मदद जैसे कार्यों में भागीदारी का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि सुनील सिंह ने कहा कि किसी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी शक्ति उसके विद्यार्थी होते हैं। विद्वान शिक्षक और समर्पित प्रधानाचार्य संस्था की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने सत्यदेव कॉलेज ऑफ फार्मेसी के विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं। मुख्य वक्ता प्रो. आनंद मिश्रा ने कहा कि सत्यदेव कॉलेज ऑफ फार्मेसी के विद्यार्थी अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने संस्था के निरंतर प्रगति की ओर बढ़ने पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सानंद सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी निष्ठा और बड़े लक्ष्य के साथ अध्ययन करने तथा अपने ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया। इस अवसर पर निदेशक डॉ. प्रीति सिंह, विभिन्न संस्थाओं के प्रधानाचार्य एवं प्राचार्य, काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, निदेशक अमित रघुवंशी, डॉ. राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज के निदेशक प्रमोद सिंह, डॉ. बीआर अंबेडकर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक नवनीत वर्मा, शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान फार्मेसी विद्यार्थियों ने करीब 25 प्रस्तुतियों, मॉडल और प्रयोगों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. तेज प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
