Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रुद्रपुर: बारिश के बीच महापौर ने तीन पानी डैम और कल्याणी नदी क्षेत्र का किया निरीक्षण


तीन पानी डैम के पुनर्निर्माण से जलभराव में मिली राहत, कल्याणी नदी के अतिक्रमण पर सख्ती के संकेत


रुद्रपुर। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बीच महापौर विकास शर्मा ने रविवार को शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। महापौर ने तीन पानी डैम, जगतपुरा क्षेत्र और कल्याणी नदी के तटवर्ती इलाकों का जायजा लेते हुए जल निकासी की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव या जलप्रवाह से संबंधित समस्या सामने आती है तो नगर निगम को तत्काल सूचना दें, निगम की टीम लोगों की मदद के लिए मौके पर पहुंचेगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर सबसे पहले तीन पानी डैम क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन डैम का जायजा लिया और आसपास की कॉलोनियों में जल निकासी की स्थिति देखी। दुर्गा कॉलोनी, बालाजीपुरम, शिवपुरम और शिमला बहादुर सहित आसपास के क्षेत्रों में इस बार भारी बारिश के बावजूद पूर्व की तरह जलभराव की स्थिति सामने नहीं आई। स्थानीय लोगों ने भी महापौर के समक्ष इस पर संतोष व्यक्त किया।

महापौर ने कहा कि तीन पानी डैम लंबे समय से जल निकासी की समस्या का प्रमुख कारण बना हुआ था। डैम के पुराने ढांचे और सीमित जल निकासी क्षमता के कारण बारिश के समय पानी का दबाव बढ़ जाता था और आसपास की सड़कों व कॉलोनियों में पानी भर जाता था। डैम के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू होने के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार दिखाई दे रहा है। 

महापौर ने कहा कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष तीन पानी डैम और पुल के पुनर्निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया था, जिसके बाद यह कार्य मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल हुआ। अब निर्माण कार्य धरातल पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का सीधा लाभ आसपास रहने वाले हजारों लोगों को मिल रहा है।

महापौर ने कहा कि पहले शिमला बहादुर से कृष्णा कॉलोनी होते हुए वार्ड नंबर 11 संजय नगर तक जाने वाले मार्ग और आसपास के क्षेत्र में बारिश के दौरान कई-कई फीट पानी भर जाता था। लोगों को आवागमन के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी। अब डैम और जल निकासी व्यवस्था में सुधार के कारण स्थिति में काफी बदलाव आया है।

महापौर ने भूरारानी क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि आर ए एन स्कूल के आसपास भी बारिश के दौरान लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी रहती थी। नगर निगम की ओर से पाइपलाइन डालकर ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर किया गया, जिसका लाभ इस बार देखने को मिल रहा है।  इस क्षेत्र में भी पहले की तुलना में जलभराव की स्थिति में राहत मिली है।

महापौर विकास शर्मा जगतपुरा क्षेत्र में कल्याणी नदी के तटवर्ती इलाकों में भी पहुंचे। यहां नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर घरों में पानी भरने की जानकारी सामने आई। महापौर ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बाधित किए जाने के कारण तटवर्ती क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर रूप लेती है।

उन्होंने कहा कि कल्याणी नदी के प्रवाह को सुचारु करने के लिए अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नदी के पुराने स्वरूप को बहाल करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। 

महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा पूर्व में चलाए गए कल्याणी नदी सफाई अभियान का लाभ भी इस बार दिखाई दे रहा है। पहले बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी पुलों के ऊपर तक पहुंच जाता था और पुल दिखाई तक नहीं देता था, लेकिन इस बार स्थिति में काफी सुधार है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पिछले लंबे समय से रुद्रपुर में बारिश के दौरान बड़े पैमाने पर जलभराव की समस्या सामने आती रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और मार्गदर्शन में पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान नगर निगम ने सीमित संसाधनों में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए कई स्तरों पर काम किया है।

उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि तीन पानी डैम, बालाजीपुरम, शिवपुरम और आसपास के क्षेत्रों में जहां पहले बारिश के दौरान लोग घरों में पानी भरने की चिंता करते थे, वहीं इस बार लोगों को काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात के दौरान उनके चेहरों पर संतोष और खुशी दिखाई दी।

महापौर ने कहा कि शहर के विकास के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्तर से लगातार सहयोग मिल रहा है। गंगापुर रोड के चैड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और भूरारानी रोड के चैड़ीकरण की दिशा में भी काम किया जा रहा है। गंगापुर रोड के एफसीआई चैक से फुलसुंगी श्मशान घाट तक करीब 3.5 किलोमीटर मार्ग के चैड़ीकरण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में अब विकास कार्य केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई योजनाएं धरातल पर दिखाई दे रही हैं। सड़क, जल निकासी, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करना नगर निगम की प्राथमिकता है।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि लगातार बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव, नाले-नालियों के अवरुद्ध होने या जलप्रवाह से संबंधित समस्या दिखाई दे तो तत्काल नगर निगम को सूचना दें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए नगर निगम की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी।।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |