संग्रामपुर/अमेठी। थाना संग्रामपुर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर पूरे थाना परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया, जिससे थाना परिसर दुल्हन की तरह जगमगा उठा। परिसर स्थित मंदिर की भी विशेष साज-सज्जा की गई और देर शाम तक भक्तिमय माहौल बना रहा। इस अवसर पर थाना परिसर स्थित थाना समाधान दिवस बैठका व मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार का उद्घाटन भी किया गया। मंदिर के जीर्णोद्धार से परिसर की सुंदरता में चार चांद लग गए।
उद्घाटन के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। जन्माष्टमी पर्व के मौके पर पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर में आकर्षक सजावट और रोशनी के चलते थाना परिसर का नजारा देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने पर्व की व्यवस्थाओं को संभालते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। वही साम को प्रीतिभोज व रात 12 बजे प्रसाद वितरण भी किया गया।
जन्माष्टमी समारोह ने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय की भावना को भी मजबूत किया। पूरे आयोजन के दौरान थाना परिसर में श्रद्धा, उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा।
जानकारी के मुताबिक संग्रामपुर थाना प्रभारी के कार्यकाल में पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कई उल्लेखनीय कार्य किए गए। पूर्व में परदोष में पुलिस चैकी का निर्माण कराने के साथ ही रामगंज चैकी में भी कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए गए। इन कार्यों से पुलिसकर्मियों को सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिली। थाना प्रभारी की कार्यशैली और विकास कार्यों की क्षेत्रवासियों द्वारा आज भी सराहना की जा रही है।


